रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का आज चौथा दिन कई महत्वपूर्ण विधायी और जनहित के मुद्दों के नाम रहेगा। सदन में छत्तीसगढ़ ईज ऑफ डूइंग बिजनेस विधेयक को पारित किए जाने की संभावना है। इसके साथ ही औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन (संशोधन) अधिनियम भी सदन के पटल पर रखा जाएगा।
प्रश्नकाल के दौरान उद्योग मंत्री राजेश अग्रवाल, जनजातीय कार्य मंत्री रामविचार नेताम और वित्त मंत्री ओपी चौधरी सदस्यों के सवालों का जवाब देंगे। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े तथा खाद्य मंत्री दयालदास बघेल विभिन्न प्रतिवेदन और दस्तावेज सदन के पटल पर प्रस्तुत करेंगे।
आज की कार्यवाही में कुल 63 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव सूचीबद्ध हैं, जबकि आठ विधायक अपनी याचिकाएं सदन के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा गृहमंत्री विजय शर्मा छत्तीसगढ़ अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा (संशोधन) विधेयक को पारित कराने के लिए सदन में पेश करेंगे।
विधानसभा में जनहित के मुद्दों पर भी जोरदार बहस होने के आसार हैं। विधायक सुशांत शुक्ला सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) से जुड़े विषय पर सरकार को घेरेंगे, जिसका जवाब खाद्य मंत्री दयालदास बघेल देंगे।
इसके अतिरिक्त वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर राज्य में बढ़ते सिंगल यूज प्लास्टिक और प्लास्टिक प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए अशासकीय संकल्प प्रस्तुत करेंगे। वहीं विधायक सुशांत शुक्ला छत्तीसगढ़ में समर्पित खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर अशासकीय संकल्प सदन में रखेंगे।





