रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के सरोना, चांपा और बालोद रेलवे स्टेशन भी राष्ट्र को समर्पित किए जाएंगे। इनमें सरोना रेलवे स्टेशन का करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प किया गया है।

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हुआ सरोना स्टेशन

पुनर्विकास के बाद सरोना रेलवे स्टेशन को यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक और आधुनिक बनाया गया है। यहां 95 वर्गमीटर का नया कॉनकोर्स भवन, 2,000 वर्गमीटर का विकसित सर्कुलेटिंग एरिया, नया फुट ओवरब्रिज, सात प्लेटफॉर्म शेल्टर, 2,800 वर्गमीटर में प्लेटफॉर्म उन्नयन, दो लिफ्ट, आधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतर शौचालय, दूसरा प्रवेश द्वार, पर्याप्त पार्किंग, एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली, सीसीटीवी निगरानी और छत्तीसगढ़ की लोक कला से सुसज्जित आकर्षक परिसर विकसित किया गया है।

पुराने पेड़ों को भी रखा गया सुरक्षित

स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के दौरान पर्यावरण संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखा गया। परिसर में मौजूद छह से अधिक पुराने पेड़ों को सुरक्षित रखा गया है। इनमें से एक पेड़ प्लेटफॉर्म के बीच स्थित है, जो अब स्टेशन की विशेष पहचान बन गया है। इसके अलावा परिसर के अन्य बड़े पेड़ों को भी संरक्षित रखा गया है।

मुख्यमंत्री साय ने जताया आभार

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ-साथ प्रदेश के विकास को भी गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय रेलवे तेजी से आधुनिक स्वरूप ग्रहण कर रही है। देशभर के रेलवे स्टेशनों को अत्याधुनिक सुविधाओं और बेहतर यात्री सेवाओं से लैस किया जा रहा है, जो विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में अहम कदम है।