रायपुर, 5 अगस्त। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ मंत्रिपरिषद की अहम बैठक बुधवार को मंत्रालय (महानदी भवन) में शुरू हो गई। बैठक में प्रदेश के विकास, प्रशासनिक व्यवस्था और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की जा रही है। माना जा रहा है कि बैठक में कई अहम फैसलों को मंजूरी मिल सकती है।
प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए मंत्रिपरिषद प्राकृतिक आपदा की स्थिति की विस्तृत समीक्षा करेगी। राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति, प्रभावित परिवारों तक सहायता पहुंचाने की व्यवस्था, पुनर्वास की तैयारियों और आगे की कार्ययोजना पर भी विस्तार से विचार-विमर्श होने की संभावना है।
बैठक के एजेंडे में किसानों से जुड़े विषय भी प्रमुखता से शामिल हैं। कृषि, सिंचाई और ग्रामीण विकास विभाग के विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा के बाद महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं, जिससे किसानों को राहत और विकास योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा विभिन्न विभागों के लंबित प्रस्ताव भी मंत्रिपरिषद के समक्ष रखे जाएंगे। कर्मचारियों से जुड़े मामलों, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, आधारभूत संरचना के विकास तथा प्रशासनिक सुधार संबंधी प्रस्तावों पर भी कैबिनेट की मुहर लग सकती है।
कैबिनेट बैठक समाप्त होने के बाद सरकार की ओर से लिए गए निर्णयों की आधिकारिक जानकारी जारी की जाएगी। प्रदेशभर की नजरें इस बैठक से निकलने वाले फैसलों पर टिकी हुई हैं।





