रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने आम नागरिकों और कार्यकर्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से 'सहयोग केंद्र' की शुरुआत आज से कर दी है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में शुरू हुए इस विशेष अभियान के तहत राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री निर्धारित दिवसों पर उपस्थित रहकर लोगों की शिकायतें, सुझाव और जनसमस्याएं सुनेंगे।

भाजपा संगठन के अनुसार, सहयोग केंद्र का उद्देश्य जनता और सरकार के बीच संवाद को मजबूत करना है, ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान संबंधित विभागों तक शीघ्र पहुंचाया जा सके। केंद्र में आने वाले नागरिक अपनी समस्याओं के साथ-साथ विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं से जुड़े सुझाव भी दे सकेंगे।

इस पहल के तहत अलग-अलग दिनों में विभिन्न विभागों के कैबिनेट मंत्री भाजपा प्रदेश कार्यालय में मौजूद रहेंगे। वे नागरिकों से सीधे मुलाकात कर उनकी शिकायतें सुनेंगे और आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश देंगे।

भाजपा नेताओं का कहना है कि यह पहल सरकार को जनता से सीधे जोड़ने और जनसमस्याओं के प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सहयोग केंद्र के माध्यम से आम लोगों को अपनी बात सीधे सरकार तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।