रायपुर। संसद के मानसून सत्र से पहले 'वंदे मातरम्' को लेकर सियासत तेज हो गई है। इसी मुद्दे पर रायपुर उत्तर से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि "जो भारत माता का सम्मान करेगा, वही इस देश में राज करेगा। अगर कांग्रेस 'भारत माता की जय' नहीं बोलना चाहती, तो उसे भारत में रहने का कोई अधिकार नहीं है। कांग्रेस चाहे तो चीन या इटली चली जाए।"


बिजली बिल अभियान पर कांग्रेस को घेरा

कांग्रेस के बिजली बिल अभियान पर प्रतिक्रिया देते हुए पुरंदर मिश्रा ने कहा कि प्रदेश की जनता को बिजली बिल के नाम पर सबसे ज्यादा नुकसान कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार ने बिजली बिल से जुड़े कार्य केवल तीन ठेका कंपनियों को सौंपे और जनता को परेशान किया। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। साथ ही आरोप लगाया कि कांग्रेस वर्तमान विष्णुदेव साय सरकार की छवि खराब करने की कोशिश कर रही है।


भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव पर भी साधा निशाना

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के हालिया संयुक्त दौरों पर भी भाजपा विधायक ने टिप्पणी की। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि "2018 में हनीमून की सरकार बनी थी, फिर दोनों का तलाक हो गया। अब एक बार फिर दोनों साथ घूम रहे हैं।"

भाजपा विधायक के इन बयानों के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।