राजनांदगांव। जिले के डोंगरगढ़ में भारतीय जनता पार्टी को बड़ा संगठनात्मक झटका लगा है। शहर भाजपा मंडल के 111 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। इस घटनाक्रम से स्थानीय संगठन में हलचल तेज हो गई है और राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
बताया जा रहा है कि कार्यकर्ताओं में लंबे समय से संगठन की कार्यशैली और शहर मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व को लेकर नाराजगी थी। नाराज कार्यकर्ताओं का आरोप है कि संगठन में जमीनी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जा रही थी और उनकी बातों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा था। इसी असंतोष के चलते उन्होंने सामूहिक रूप से इस्तीफा देने का फैसला लिया।
इस्तीफा देने वाले कार्यकर्ताओं ने अपने त्यागपत्र में संगठन के भीतर संवाद की कमी और कार्यकर्ताओं के सम्मान से जुड़े मुद्दों का भी उल्लेख किया है। उनका कहना है कि पार्टी के लिए वर्षों तक काम करने के बावजूद उन्हें उचित महत्व नहीं दिया गया।
इस सामूहिक इस्तीफे के बाद डोंगरगढ़ भाजपा में अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है। हालांकि, पार्टी की ओर से अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि नाराज कार्यकर्ताओं को जल्द नहीं मनाया गया तो इसका असर स्थानीय संगठन पर पड़ सकता है।





