रायपुर। भारतीय सेना में 'बस्तर रेजिमेंट' के गठन की मांग को लेकर सकारात्मक संकेत मिले हैं। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा द्वारा केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को भेजे गए पत्र का जवाब प्राप्त हुआ है। रक्षा मंत्री ने अपने जवाब में कहा है कि इस संबंध में भेजे गए प्रस्ताव की जांच कराई जा रही है।

रक्षा मंत्री ने पत्र में क्या कहा?

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने जवाब में लिखा कि उन्हें भारतीय सेना में बस्तर रेजिमेंट के गठन से संबंधित पत्र प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि इस प्रस्ताव की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने रखी थी यह मांग

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 26 जून को रक्षा मंत्री को भेजे पत्र में कहा था कि बस्तर संभाग के आदिवासी युवाओं ने वर्षों से नक्सल विरोधी अभियानों में अद्वितीय साहस और वीरता का परिचय दिया है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और गुरिल्ला युद्ध जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उनका अनुभव भारतीय सेना के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि 'बस्तर रेजिमेंट' का गठन केवल राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत नहीं करेगा, बल्कि क्षेत्र के युवाओं को सेना में शामिल होने का बेहतर अवसर देगा। इससे बस्तर में रोजगार, अनुशासन, गौरव और सामाजिक-आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताई खुशी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने बस्तर रेजिमेंट के गठन की मांग केंद्र के सामने रखी थी और अब रक्षा मंत्री की ओर से सकारात्मक जवाब मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि यह रेजिमेंट बनती है तो बस्तर के स्थानीय युवाओं को सेना में अधिक अवसर मिलेंगे और क्षेत्र के विकास को भी नई दिशा मिलेगी।