नई दिल्ली। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के नेता अमित जोगी ने सोमवार को नई दिल्ली में नगीना लोकसभा सीट से सांसद एवं आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच सामाजिक न्याय, संविधान के मूल्यों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

अमित जोगी ने इस मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर उन्होंने स्वर्गीय अजीत जोगी द्वारा लिखित पुस्तकों "दृष्टिकोण" और "अजीत जोगी: सपनों का सौदागर" की प्रतियां चंद्रशेखर आजाद को भेंट कीं।

अमित जोगी ने कहा कि बातचीत के दौरान छत्तीसगढ़ में भीम आर्मी द्वारा संविधान के अनुच्छेद 25 के तहत प्रत्येक नागरिक को धर्म की स्वतंत्रता के अधिकार की रक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी चर्चा हुई। उन्होंने इन प्रयासों की सराहना करते हुए सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा को महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति सिद्धांतों और जनहित के मुद्दों पर आधारित है। साथ ही उन्होंने चंद्रशेखर आजाद के साथ सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा और जनता से जुड़े विषयों पर मिलकर काम करने की उम्मीद जताई।