रायपुर: NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के विरोध में नई दिल्ली में चल रहे प्रदर्शन को जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने समर्थन दिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी आंदोलन स्थल पर पहुंचे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे धरने में शामिल हुए।

इस दौरान अमित जोगी ने पिछले 19 दिनों से अनशन पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने वांगचुक के संघर्ष और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग का समर्थन करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

आंदोलन के दौरान अमित जोगी ने कॉकरोच जनता पार्टी के अध्यक्ष अभिजीत दीपके से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि देश के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। यदि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं, तो इससे युवाओं का भरोसा कमजोर होता है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता सुनिश्चित करना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण आंदोलन जनता की आवाज होता है और सरकार को छात्रों व आंदोलनकारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर उचित निर्णय लेना चाहिए। अमित जोगी ने कहा कि जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) हमेशा छात्रों, युवाओं और उनके अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहेगी।