अजय चंद्राकर का बड़ा आरोप, बोले- धर्मांतरण के बड़े रैकेट का सरगना है अरुण पन्नालाल; उच्चस्तरीय जांच की मांग
राजनीतिक
अजय चंद्राकर का बड़ा आरोप, बोले- धर्मांतरण के बड़े रैकेट का सरगना है अरुण पन्नालाल; उच्चस्तरीय जांच की मांग
· admin
रायपुर। क्रिश्चियन फोरम के अध्यक्ष अरुण पन्नालाल की गिरफ्तारी के बाद छत्तीसगढ़ की सियासत गरमा गई है। भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने पन्नालाल को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके कथित धर्मांतरण नेटवर्क, आर्थिक स्रोत और विदेशी फंडिंग की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। वहीं कांग्रेस ने भाजपा और उससे जुड़े संगठनों पर माहौल खराब करने का आरोप लगाया है।
'गिरफ्तारी सिर्फ एक घटना, पूरे मामले की हो जांच'
अजय चंद्राकर ने कहा कि अरुण पन्नालाल की गिरफ्तारी केवल एक घटना है। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण के एक बड़े रैकेट से पन्नालाल जुड़े हुए हैं और उनके पूरे इतिहास की जांच होनी चाहिए।
चंद्राकर ने सवाल उठाया कि पन्नालाल ने स्वयं कब धर्म परिवर्तन किया, उन्हें किन-किन संस्थाओं से धन मिला, उस राशि का इस्तेमाल कहां किया गया और उनकी आजीविका का स्रोत क्या है। उन्होंने विदेशी फंडिंग से जुड़े पहलुओं की भी जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।
कांग्रेस ने भाजपा और संगठनों पर साधा निशाना
अरुण पन्नालाल की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने भाजपा के साथ बजरंग दल और आरएसएस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग प्रदेश का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।
शुक्ला ने कहा कि भारत सभी नागरिकों का देश है और यहां संत-महात्माओं का सम्मान किया जाता है। उन्होंने धर्म स्वातंत्र्य विधेयक को लेकर लोगों को कथित रूप से उकसाने का भी आरोप लगाया।
कांग्रेस जिलाध्यक्षों की रैंकिंग पर चंद्राकर का तंज
कांग्रेस जिलाध्यक्षों को प्रशिक्षण के बाद पार्टी हाईकमान की ओर से रैंकिंग दिए जाने की चर्चा पर भी अजय चंद्राकर ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि उन्हें रैंकिंग से जुड़ी खबर सही नहीं लगती।
चंद्राकर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के पास न कार्यक्रम है, न उद्देश्य और न ही स्पष्ट विजन। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने पुराने कैडर को किसी तरह व्यस्त रखने का प्रयास कर रही है।
राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए चंद्राकर ने E20 पेट्रोल से जुड़े उनके हालिया सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी कटाक्ष किया।
कांग्रेस का पलटवार, चंद्राकर पर लगाए आरोप
अजय चंद्राकर के बयान पर सुशील आनंद शुक्ला ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि E20 पेट्रोल से जुड़ा मुद्दा आम जनता की समस्या है और इस पर सवाल उठाना गलत नहीं है।
शुक्ला ने चंद्राकर पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए भाजपा के संगठनात्मक ढांचे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को कैडर आधारित पार्टी कहा जाता रहा है, लेकिन अब पार्टी में वैसी स्थिति नहीं रही।
कमिश्नरेट व्यवस्था पर भी बोले अजय चंद्राकर
रायपुर में लागू पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली को लेकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के सुझावों पर अजय चंद्राकर ने कहा कि उन्होंने सांसद का पत्र पढ़ा है। नई व्यवस्था को पूरी तरह स्थापित होने में समय लगेगा।
चंद्राकर ने कहा कि रायपुर शहर को अलग-अलग हिस्सों में बांटने के बजाय पूरे शहर को पुलिस कमिश्नरेट के दायरे में रखा जाना चाहिए। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि वे सांसद के सभी सुझावों से पूरी तरह सहमत नहीं हैं।
कांग्रेस बोली- सकारात्मक नतीजे नहीं आए सामने
पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली पर कांग्रेस ने राज्य सरकार को घेरा। सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि यह व्यवस्था सरकार की विफलता की उपज है। उन्होंने दावा किया कि कमिश्नरेट लागू होने के बाद भी अपराधों पर अपेक्षित अंकुश नहीं लगा है।
कांग्रेस नेता ने पुलिस पर एफआईआर दर्ज करने में आनाकानी का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद अब तक ऐसे सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आए हैं, जिनकी सरकार ने उम्मीद जताई थी।