जगदलपुर/कोंडागांव। छत्तीसगढ़ में रविवार दोपहर मंत्री केदार कश्यप के काफिले के साथ सड़क हादसा हो गया। जगदलपुर-कोंडागांव मार्ग पर एक स्कॉर्पियो ने कथित तौर पर पहले मंत्री की कार को टक्कर मारी और इसके बाद अनियंत्रित होकर काफिले में चल रहे फॉलो वाहन से जा भिड़ी। हादसे में फॉलो वाहन में सवार चार पुलिस जवान घायल हो गए।
राहत की बात यह रही कि मंत्री केदार कश्यप सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद घायल जवानों को तत्काल उपचार के लिए कोंडागांव जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जूनवानी के पास हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मंत्री केदार कश्यप का काफिला फरसागुड़ा से कोंडागांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान जूनवानी के पास सामने से आ रही स्कॉर्पियो की मंत्री की कार से टक्कर हो गई। इसके बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पीछे चल रहे फॉलो वाहन से भी टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि फॉलो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
चार जवान घायल, अस्पताल में इलाज जारी
फॉलो वाहन में मौजूद चार पुलिस जवानों को हादसे में चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम सक्रिय हुई और घायलों को कोंडागांव जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। स्कॉर्पियो चालक के साथ ही हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल मंत्री केदार कश्यप सुरक्षित हैं, जबकि घायल जवानों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। दुर्घटना में वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।





