रायपुर। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह आज छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। वे गरियाबंद जिले में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। इस दौरान वे कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित सभा को भी संबोधित करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, संजय सिंह सुबह 9:30 बजे नवा रायपुर स्थित सर्किट हाउस से गरियाबंद के लिए रवाना होंगे। उनके साथ आम आदमी पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी गरियाबंद पहुंचेंगे।

मुकेश अहलावत भी रहेंगे मौजूद

कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी, दिल्ली के पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक मुकेश अहलावत भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा छत्तीसगढ़ आम आदमी पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी और आदिवासी समाज के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होंगे।

जल, जंगल और जमीन के मुद्दों पर होगी चर्चा

आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ के मुताबिक, विश्व आदिवासी दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम आदिवासी समाज से जुड़े प्रमुख मुद्दों और अधिकारों को उठाने का मंच होगा। सभा में जल, जंगल और जमीन पर आदिवासियों के अधिकार, उनकी समस्याओं और लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर चर्चा की जाएगी।

पार्टी का कहना है कि कार्यक्रम के माध्यम से आदिवासी समाज की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा। आम आदमी पार्टी ने प्रदेश के विभिन्न वर्गों के लोगों से भी कार्यक्रम में शामिल होकर आदिवासी समाज के अधिकारों से जुड़े मुद्दों का समर्थन करने की अपील की है।