रायपुर। छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने प्रदेश की भाजपा सरकार और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ की सरकार को केंद्र ने 'हाइजैक' कर रखा है और प्रदेश की सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इशारे पर चल रही है। उन्होंने आदिवासियों के अधिकार, पेपर लीक, महिला आरक्षण और समान नागरिक संहिता (UCC) सहित कई मुद्दों पर भाजपा को घेरा।
संजय सिंह ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में आदिवासी समाज के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने विधायक निवास के लिए जमीन से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री आदिवासी समाज से आते हैं, लेकिन सरकार के महत्वपूर्ण फैसलों पर केंद्र का प्रभाव है।
पेपर लीक को लेकर भाजपा पर साधा निशाना
पेपर लीक के मुद्दे पर संजय सिंह ने कहा कि देश में लगातार परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2015 से अब तक बड़ी संख्या में पेपर लीक के मामले सामने आए हैं और भाजपा शासित राज्यों में भी ऐसी घटनाएं हुई हैं।
उन्होंने कहा कि पेपर लीक के मुद्दे पर केवल विपक्षी दलों की सरकार वाले राज्यों को निशाना बनाना उचित नहीं है। गुजरात सहित भाजपा शासित राज्यों में सामने आए मामलों का जिक्र करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि वहां भी इसी तरह विरोध क्यों नहीं किया जाता।
संजय सिंह ने प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों से जुड़े विवाद का उल्लेख करते हुए कहा कि गलत सवाल या गलत उत्तर के कारण योग्य अभ्यर्थियों के भविष्य पर असर नहीं पड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित अभ्यर्थी न्याय के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख कर रहे हैं।
'हार के डर से सीटों की संख्या बढ़ाने की तैयारी'
महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर संजय सिंह ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन इस मांग के साथ किया था कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण तत्काल लागू किया जाए।
उन्होंने संभावित परिसीमन और सीटों की संख्या बढ़ाए जाने को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि यह तय करने का आधार स्पष्ट होना चाहिए कि किस राज्य में कितनी सीटें बढ़ाई जाएंगी। उन्होंने छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि सीटों की संख्या बढ़ाने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए।
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनावी हार की आशंका के चलते सीटों की संख्या बढ़ाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने असम का उदाहरण देते हुए अलग-अलग लोकसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या में अंतर का मुद्दा भी उठाया।
UCC को लेकर दो समितियां बनाने की मांग
समान नागरिक संहिता (UCC) पर संजय सिंह ने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों के साथ होने वाले भेदभाव की निगरानी के लिए अलग व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने इसके लिए दो समितियां गठित करने का सुझाव दिया।
उन्होंने कहा कि एक समिति अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों के साथ होने वाले भेदभाव की निगरानी करे, जबकि दूसरी समिति सभी समुदायों के साथ होने वाले भेदभाव से जुड़े मामलों पर नजर रखे।
संजय सिंह ने भाजपा पर समाज में मतभेद बढ़ाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी पार्टी ऐसे फैसलों का विरोध करेगी, जो देश और समाज के हित में नहीं होंगे।





