नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 आईईडी बरामद किए हैं। नारायणपुर पुलिस और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की 29वीं बटालियन ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान इन विस्फोटकों को खोज निकाला। बरामद आईईडी में 6 प्रेशर कुकर आईईडी और एक पाइप बम शामिल है।

भटबेड़ा इलाके में मिला संदिग्ध डंप

सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने रायनार कैंप से मक्सोली-भटबेड़ा-रायनार क्षेत्र तक सघन तलाशी और एरिया सैनिटाइजेशन अभियान चलाया। इसी दौरान भटबेड़ा इलाके में जवानों को संदिग्ध सामान दिखाई दिया। इलाके को सुरक्षित कर तलाशी लेने पर एक डंप से विस्फोटक बरामद किए गए।

आईईडी बनाने का सामान भी जब्त

सर्च ऑपरेशन के दौरान आईईडी तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला सामान भी मिला। इसमें मल्टीमीटर, स्क्रूड्राइवर, सोल्डरिंग वायर और सोल्डरिंग आयरन समेत अन्य उपकरण शामिल हैं।

मौके पर ही नष्ट किए गए विस्फोटक

बरामद आईईडी को बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, अबूझमाड़ क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और विस्फोटकों की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

सुरक्षा अधिकारियों ने इस कार्रवाई को पुलिस और आईटीबीपी के बेहतर समन्वय तथा सतर्कता का नतीजा बताया है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए आगे भी सर्च अभियान जारी रहेगा।