रायपुर। मादक पदार्थों और अवैध शराब के कारोबार से जुड़े मामलों में संलिप्त महिला अपराधी मुस्कान रात्रे के खिलाफ रायपुर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। लगातार आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहने और कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बनने के कारण प्रशासन ने उसे तीन माह के लिए जिला बदर कर दिया है।
जिला बदर की अवधि के दौरान मुस्कान रात्रे रायपुर समेत सात जिलों की राजस्व सीमाओं में प्रवेश नहीं कर सकेगी। आदेश का उल्लंघन करने पर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मुस्कान रात्रे के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी, अवैध गांजा तस्करी, अवैध शराब कारोबार समेत कई गंभीर अपराधों के 20 से अधिक मामले दर्ज हैं। आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है।
प्रशासन का कहना है कि असामाजिक तत्वों और आदतन अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।





