
रायपुर। राज्य सरकार ने नगरीय निकायों में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 18 अधिकारी-कर्मचारियों के तबादले किए हैं। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की ओर से जारी आदेश में सभी स्थानांतरित अधिकारियों और कर्मचारियों को सात दिन के भीतर नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी सूची में रायपुर, आरंग, कवर्धा, धमधा, दीपका, गौरेला, चांपा, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, अंबिकापुर, जामुल, धर्मजयगढ़, बड़ी करेली, बेरला, केशकाल और बलौदाबाजार समेत कई नगरीय निकायों में पदस्थ अधिकारियों के नाम शामिल हैं। विभागीय आदेश के तहत कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी गई है, वहीं कुछ अधिकारियों की अन्य निकायों में पदस्थापना की गई है।
तबादला सूची के अनुसार नगर पालिका आरंग की मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) शीतल चंद्रवंशी को नगर पालिका चांपा भेजा गया है। वहीं चांपा के सीएमओ रामसंजीवन सोनवानी को आरंग का प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा रायपुर नगर निगम के जोन आयुक्त अरुण कुमार ध्रुव को नगर पालिका दंतेवाड़ा का मुख्य नगर पालिका अधिकारी नियुक्त किया गया है।
विभाग का कहना है कि प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा कार्यों में गति लाने के उद्देश्य से यह तबादला आदेश जारी किया गया है। सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्यमुक्त होकर नई पदस्थापना पर ज्वाइन करने के निर्देश दिए गए हैं।





